यूपी के वाराणसी में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को नौ दिनों तक घर के स्टोर रूम में बंद रखा। किसी तरह मुक्त होने के बाद वह अपने मायके पहुंची। रविवार को उसने कैंट थाने में पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आजमगढ़ जिले के मेहनगर निवासी रेखा सिंह की शादी वाराणसी के लालपुर के रहने वाले कमलेश सिंह से हुई है। आरोप है कि कमलेश ने उन्हें दहेज की मांग पूरी न होने पर सात मार्च से 15 मार्च तक अपने घर के स्टोर रूम में कैद कर रखा था।
रेखा किसी तरह मुक्त होकर अपने मायके पहुंची। रेखा का आरोप है कि ससुराल के लोग स्कार्पियो की मांग कर रहे थे। रविवार को उन्होंने कैंट थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर कैंट के मुताबिक रेखा ने अपने पति कमलेश सिंह, सास, ससुर, जेठानी, दो ननद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की छानबीन की जा रही है।