महाराष्ट्र के पुणे में नाराज पत्नी का खोया प्यार पाने के लिए एक पति ने अजीबो-गरीब कदम उठाया। दरअसल, परमेश्वर गायकवाड़ नाम के बिजनेसमैन ने दोस्तों से खुद को अगवा करवाया, ताकि उसकी पत्नी ये खबर सुनकर वापस घर आ जाए। पूरी घटना का मास्टरमाइंड वह खुद था, क्योंकि उसने अपने अपहरण की पूरी साजिश खुद ही रची थी।
मिड डे की खबर के अनुसार परमेश्वर और उसकी पत्नी की शादी 8 साल पहले हुई थी। लेकिन, 6 महने पहले पत्नी उसके शराब पीने और नशा करने की आदत से तंग आ गई और घर छोड़कर चली गई। पत्नी को मनाने के लिए परमेश्वर ने कई बार कोशिश की, लेकिन वह वापस नहीं आई। बताया जा रहा है कि पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके सोलापुर चली गई है।
घर से 15-20 किलोमीटर दूर खुद को करवाया अगवा
अपहरण
रविवार सुबह करीब 1 बजे परमेश्वर का भाई परमेश्वर की अपहरण की शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि किडनैपरों ने उसके भाई को छोड़ने के लिए 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। पुलिस के मुताबिक किडनैपरों का नाटक करने वालों ने परमेश्वर के फोन से ही फिरौती के लिए फोन किया था। उसके भाई ने पुलिस को बताया कि परमेश्वर के एटीएम में 30 हजार रुपये है और उसमें से 25 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।
पुलिस ने परमेश्वर के फोन को ट्रेस किया और मौके से परमेश्वर को छुड़ा लिया, लेकिन पुलिस स्टेशन में करीब 5 घंटे बाद जो बात सामने आई उससे हर कोई हैरान था।
परमेश्वर ने यह बात कबूल ली कि उसने खुद को जानबूझकर अगवा करवाया था, ताकि उसकी पत्नी चिंता करती हुई उसके पास लौट आए। इस बीच पत्नी ने कहा कि उसे पहले ही शक हो गया था कि इसमें उसके पति की कोई चाल है।