गैर समुदाय के युवक से प्रेम विवाह करने के कारण एक मां ही अपनी बेटी की जान की दुश्मन बन गई। युवती ने ऑनर किलिंग का खतरा जताते हुए अपनी मां और उसके करीबी के खिलाफ कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। इस पर सीजेएम कोर्ट ने थाना क्वार्सी पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
थाना जवां क्षेत्र के गांव मंजूरगढ़ी निवासी आशा देवी पत्नी गोपालदत्त शर्मा ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि 27 जुलाई की रात में उसकी मां मदीना बेगम व इरफान आ गए और उसके साथ मारपीट की। प्रार्थनापत्र के मुताबिक इरफान ने उससे जोर-जबरदस्ती करने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें- ऑनर किलिंग : देर रात अपने ब्वायफ्रेंड से बात करने से पिता ने रेता अपनी ही बेटी का गला
मां मदीना ने आशा को यह कहकर गालियां दी कि उसने गैर समुदाय के लड़के से शादी करके गांव में उसकी नाक कटवा दी। इसी बीच शोर मचाने पर लोग जिंदा जलाने की धमकी देकर चले गए। प्रार्थना पत्र में आशा ने कहा है कि उसकी मां उससे गलत काम कराना चाहती है। अब ये लोग इसलिए उसके व उसके पति गोपाल के दुश्मन बने हैं, क्योंकि उसने गैर समुदाय के लड़के से शादी की है।
ये भी पढ़ें- बिहार में ऑनर किलिंग, पेड़ पर लटका मिला दो बहनों का शव
युवती ने ऑनर किलिंग का खतरा बताया है और साथ ही यह भी कहा है कि वह इस सिलसिले में थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दे चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आशा देवी ने यह प्रार्थना पत्र न्याय संस्था के संयोजक एडवोकेट सरदार मुकेश सैनी के माध्यम से कोर्ट में दिया है। इस पर सीजेएम ने क्वार्सी थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।