दिल्ली एयरपोर्ट के प्राइवेट लाउंज के एक 48 साल के जनरल मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर दो महिला कर्मचारियों का पीछा करने, यौन शोषण करने और उन्हें धमकी देने का आरोप लगा है। घरेलू एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में दोनों महिलाओं ने अलग-अलग तारीखों पर एफआईआर दर्ज करवाई है। पहली शिकायत 23 जून को और दूसरी 27 जून को दर्ज की गई थी।
दोनों ही घटनाएं कथित तौर पर इंदिरा गांधी अतंर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस लाउंज में यह घटना हुई वह प्राइवेट है और एयरलाइन के अंतर्गत नहीं आता है। गिरफ्तार हुआ
मैनेजर आदतन अपराधी है और उसपर पिछले साल भी इसी तरह के मामले में चार्जशीट दाखिल हुई थी। उस समय दो महिला कर्मचारियों ने उसपर कई मौकों पर छेड़छाड़ और यौन शोषण करने का आरोप लगाया था।
वर्तमान मामले में 27 जून को शिकायत दर्ज कराने वाली महिला का आरोप है कि
लाउंज के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। वरिष्ठ अधिकारियों को की गई लगातार कॉल और मैसेज का कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि वह पिछले पांच सालों से लाउंज में काम कर रही है।
पुलिस ने कहा, 'महिला ने बताया कि मैनेजर 2014 से उसका यौन शोषण कर रहा है। उसने आरोप लगाया कि वह उसका प्रमोशन और इनक्रीमेंट रोकने की कथित धमकी देता था।' महिला ने जांच टीम को बताया कि जनरल मैनेजर ने उसके साथ छेड़छाड़ की और 2014 से 2017 के बीच कई मौकों पर अश्लील टिप्पणियां की। पुलिस का कहना है कि दूसरी शिकायतकर्ताओं ने भी मैनेजर के खिलाफ इसी तरह की शिकायतें की हैं।