पैसे दोगुने करने का झांसा देकर करते थे ठगी
मेरठ। पैसे दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को कंकरखेड़ा पुलिस ने दबोचा लिया। जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि बुधवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि कंकरखेड़ा के चौक मोहल्ला बड़ा बाजार में ठगी करने वाले चार लोग खड़े हैं। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि उनका साथी भाग गया। पकड़े गए आरोपी शुभांसू निवासी चौक मोहल्ला बड़ा बाजार कंकरखेड़ा, सुमित निवासी रामनगर कंकरखेड़ा, देवेंद्र निवासी गांव जेवरी कंकरखेड़ा हैं। जबकि फरार आरोपी दीपक निवासी नंगलाताशी है। आरोपियों के पास से 500 रुपये के नोट के साइज के 480 कोरे कागज और 500 के 20 नकली नोट (बच्चों के खेलने वाले नोट) बरामद हुए हैं।
ऐसे करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार ये युवक गली मोहल्ले में घूमकर ज्यादातर वृद्ध लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पहले एक या दो लोग बात करके ये भांप लेते थे कि ये व्यक्ति लालची किस्म का है या नहीं। इसके बाद उसे पैसे दोगुने जो करने का लालच देकर पैसे ठग लेते थे। ये गड्डी में ऊपर और नीचे असली नोट लगाते थे जबकि बीच उसी साइज के नोट वाले कोरे कागज लगाते थे।