संभल में कर्ज से तनाव में आकर एक किसान ने आत्महत्या कर ली। घर के आंगन में लगे लोहे के जाल से किसान का शव लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर समसोई की है।
शनिवार की सुबह दस बजे करीब थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर निवासी 45 वर्षीय किसान मुनेश चंद्र शर्मा ने घर के आंगन में लोहे के जाल से लटक कर आत्महत्या कर ली। घर पर परिजन मौजूद नहीं थे। लौट कर आए तो मुनेश का यह हालत देखकर हक्के-बक्के रह गए।
ये भी पढ़ें- फांसी लगाकर किसान ने दी जान, सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से था परेशान
इस बीच मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों के मुताबिक मुनेश कर्ज के चलते परेशान रहता था। कर्ज से आजिज आकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच-पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- कर्ज से परेशान किसान ने आग लगाकर जान दी
कोतवाल ब्रजमोहन गिरि ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि मुनेश का शव घर के आंगन में लोहे के जाल में प्लास्टिक की रस्सी से लटका है। शव को उतरवाया गया और पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मुनेश पर बैंक समेत कई लोगों का भी कर्ज था। इससे वह काफी दिनों से परेशान रहता था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।