बरेली के बहेड़ी के गांव सकरस में रविवार रात एक शादी समारोह से पहले मढ़े की दावत के दौरान आतिशबाजी के समय विस्फोट होने से दूल्हे के दोस्त की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि हत्थू बम बना रहे 22 साल के कासिम के शरीर के चीथड़े उड़ गए।
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। घायलों को तत्काल एसआरएमएस अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। बरेली से आई फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और बारूद के नमूने लिए। मृतक के पिता ने दूल्हे समेत चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सकरस गांव के वकील अहमद के बेटे शमीम अहमद की बारात गांव से सोमवार को शीशगढ़ के एक गांव में जानी थी। एक दिन पहले रविवार की रात को मंडप की दावत थी। पूरा गांव इस दावत में शामिल था। पास ही रहने वाले इकराम का 22 साल का बेटा मोहम्मद कासिम भी दोस्त की शादी में शरीक होने के लिए हल्दूचौड़ (हल्द्वानी) से आया हुआ था।
फाइल
जिस मकान में दावत चल रही थी वहीं ऊपर आतिशबाजी छोड़ी जा रही थी। इसके लिए हथौड़ी व हत्थू बम का इस्तेमाल किया जा रहा था। कासिम को पटाखे बनाने की थोड़ी बहुत जानकारी थी। उसके साथ मौजूद गांव के अन्य लड़कों ने पहले गंधक और पोटाश को पीसा और उसके बाद आपस में मिलाने के लिए एक बोरे में दोनों का मिश्रण भर लिया।
कासिम बोरे को जोर जोर से हिलाने लगा, तभी अचानक बोरा दीवार से टकराया और तेज धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आने से कासिम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास में खडे़ गांव के ही उवैस व दानिश (10), मुजीब व सुहेल (12) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एसआरएमएस भोजीपुरा ले जाया गया। भोजीपुरा के गांव जादौपुर निवासी फोटोग्राफर नईम अहमद भी घायल हुए। उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह कटियार टीम के साथ गांव पहुंचे और फोर्स तैनात कर दी। कासिम के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कासिम के पिता इकराम अहमद ने दूल्हे शमीम अहमद, उसके भाई उवैस व अकील अहमद के अलावा गांव के बजहुल कमर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।