सदर कोतवाली इलाके के एक गांव में भरी पंचायत में महिला को अर्द्धनग्न कर पीटने का मामला सामने आया है। सूचना के बाद पहुंची डायल-100 की गाड़ी देखकर आरोपी भाग गए। पुलिस के चले जाने के बाद आरोपियों ने फिर से उसकी पिटाई की। किसी तरह से उनके चंगुल से छूटकर महिला उसी हाल में कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की छोटी बहन का घर सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में है। बहन और उसके पति में विवाद हो गया, जिस पर मंगलवार को पंचायत बुलाई गई थी। पीड़ित महिला छोटी बहन और मां के साथ पंचायत में पहुंची। दोनों पक्षों में वार्ता के दौरान बहन के परिवार और गांव वाले आक्रोशित हो गए और तीनों की पिटाई करने लगे।
पीड़ित महिला को इस कदर पीटा कि वह अर्द्धनग्न हो गई। बहन ने गांव के एक घर में घुसकर जान बचाई और डायल-100 पर पुलिस को सूचना दी। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद ने बताया कि पंचायत के दौरान महिला की पिटाई की गई है। जांच की जा रही है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।