दो चचेरी बहनों ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना रविवार शाम को 6बजे की है। दोनों ने दक्षिण-पूर्व में स्थित तुगलकाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे छलांग लगई थी। पुलिस को मृत शरीर के पास एक बैग मिला जिसमें सुसाइड नोट मौजूद है। डीसीपी (रेलवे) परवेज अहमद का कहना है कि पीड़ितों की पहचान 16 साल की मीनाक्षी और 17 साल की उर्वशी के तौर पर हुई है। भारतीय दण्ड संहिता की धारा 174 के तहत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शाम 6 बजे रिपोर्ट हुई थी। दोनों को पास के अस्पताल में ले जाया गया था लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया, 'एक
सुसाइड नोट मिला है। माना जा रहा है कि इसे मीनाक्षी ने लिखा है। इस नोट में उसने अपने पिता सहित परिवार के दूसरे लोगों के इस कदम के लिए माफी मांगी है और उनसे कहा कि वह अपना ध्यान रखें।' इस कदम के पीछे किसी निर्णायक कारण का पता नोट से नहीं चल पाया है।
हालांकि मीनाक्षी के भाई ने पुलिस को बताया कि वह पिछले साल अपनी मां की मौत के बाद से ही
तनाव में थी। पुलिस को आशंका है कि आत्महत्या का यह एक संभावित कारण हो सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मीनाक्षी को पढ़ाई की वजह से कहीं कोई समस्या तो नहीं थी। उसकी चचेरी बहन की मौत भी जांच के दायरे में है। पुलिस को शक है कि उर्वशी की जान मीनाक्षी को बचाने के चक्कर में गई होगी क्योंकि उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों ही लड़कियां गाजियाबाद की रहने वाली थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों गाजियाबाद से तुगलकाबाद कैसे पहुंची।