मध्यप्रदेश के देवास जिले के बागली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक चंपालाल देवड़ा ने उदयनगर थाने में घुसकर एक कांस्टेबल की पिटाई की है। विधायक चंपालाल देवड़ा के पुलिस कांस्टेबल के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना गुरुवार देर रात की है।
इस दौरान विधायक के साथ उनका भतीजा और कुछ समर्थक भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार विधायक के भतीजे का कांस्टेबल संतोष इवनाती से किसी बात पर विवाद हो गया था, जिसके बाद विधायक थाना पहुंचे और कांस्टेबल की पिटाई कर दी।
विधायक पर आरोप है कि वह अपने भतीजे और समर्थकों के साथ उदयनगर पुलिस स्टेशन में घुस गए और एक पुलिस कांस्टेबल की जमकर पिटाई की। उदयनगर थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना की फुटेज में देखा जा रहा है कि इस दौरान थाने में मौजूद स्टाफ तमाशा देखते रहे।
इस मामले में उदयगर थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने कहा कि विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ आईपीसी धारा- 353 (सरकारी कर्मचारी को अपने कर्तव्य से रोकना), धारा- 332 (सरकारी कर्मचारी पर हमला) और अन्य प्रासंगिक अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है।