मुरादाबाद में एक ट्रेन यात्री ने टीटीई से बचने के लिए ट्रेन से छलांग लगा दी। वो सामान्य टिकट लेकर स्लीपर में सफर कर रहा था। बिहार के सहरसा से दिल्ली चलने वाली पुरबिया एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री गोविंद नगर क्रासिंग के पास नीचे कूद गया। इस घटना में उसके दोनों पैरों की हड्डी टूट गईं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार के सहरसा जनपद के हुसैनपुर निवासी नरेश शर्मा पुत्र महेंद्र कुमार शर्मा हरियाणा के गुड़गांव में राजमिस्त्री का कार्य करता है। कुछ दिन पहले ही वह अपने गांव आया था। घर रुकने के बाद वह दोबारा सोमवार को गुड़गांव जा रहा था। नरेश ने बताया कि उसने जनरल टिकट लिया था। जनरल कोच में ही वह सफर भी कर रहा था।
लेकिन सफर के दौरान वह रेलवे स्टेशन पर पानी पीने के लिए ट्रेन से उतर गया था। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। वह भागते हुए ट्रेन में सवार हो गया। लेकिन धोखे से वह स्लीपर कोच में चढ़ गया था। उसने सोचा कि वह अगले स्टेशन पर कोच बदल लेगा। लेकिन उससे पहले ही टीटीई ने उसे पकड़ लिया था। टीटीई ने उसका टिकट छीन लिया और मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर उसे पुलिस के हवाले करने की धमकी दी।