कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या बढ़ते ही पूरे देश में अचानक ऑक्सीजन की मांग तेज हो गई। अनेक जगहों पर ऑक्सीजन सिलेंडरों की कालाबाजारी होने लगी और लोगों को इसके लिए औने-पौने दाम चुकाने पड़ रहे थे। ऐसे ही समय में साहिबाबाद से भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने अपने क्षेत्र के हर खंड में ऑक्सीजन कार्यालय खोल दिया। इन सेंटरों पर क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपने मरीज की रिपोर्ट दिखाकर मुफ्त में ऑक्सीजन सिलेंडर प्राप्त कर सकता है। विधायक ने 30 लाख रुपये का विशेष फंड जारी कर अपने क्षेत्रवासियों के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है जिससे सबको मुफ्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सके।
कोरोना रोगियों के लिए बेड्स की कमी एक बड़ी चिंता बनकर उभर रही थी। इसे देखते हुए क्षेत्र में तुरंत आपातकालीन कोरोना बेड्स की व्यवस्था की गई। इस समय सेवा भारती के सहयोग से कैलाश मानसरोवर भवन में 50 बेड्स और रोशनी संस्था के सहयोग से 150 बेड्स उपलब्ध कराया गया है। यहां इस समय भी काफी संख्या में लोग इलाज की निःशुल्क सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो बेड्स की संख्या और अधिक बढ़ाई जायेगी।
अब क्षेत्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराना सुनील शर्मा की प्राथमिकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। क्षेत्र के कुछ खंडों में इस समय कोरोना वैक्सीन सेंटर खुल चुके हैं, जबकि अन्य सभी खण्डों में भी सेंटर खोलने की तैयारी की जा रही है, जिससे सभी लोगों को जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाई जा सके।