मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार के बुरहानपुर जिले में मसालों की खेती पर आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन किया। सीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश नित नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है। करंट प्राइजेज पर इस साल प्रदेश की विकास दर हिंदुस्तान के राज्यों में सबसे ज्यादा 19.7 प्रतिशत रही, इसमें सबसे बड़ा योगदान कृषि का था।

सीएम ने कहा कि हमने सिंचाई की सुविधाओं का अद्भुत विस्तार किया है। गेहूं के उत्पादन में आज हिंदुस्तान में मध्य प्रदेश नंबर एक पर पहुंच गया है। बुरहानपुर जिला नकदी फसलें लेने वाला जिला है। हमारे परिश्रमशील किसानों की मेहनत का कोई जवाब नहीं, आपने अपनी मेहनत से कई रिकॉर्ड कायम किए हैं। केला बुरहानपुर की पहचान है। बुरहानपुर कपास के लिए भी जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बात बार-बार कही है कि फसलों का विविधिकरण करो, केवल परंपरागत फसलें नहीं, फलों की खेती, फूलों की, मसालों की खेती भी जरूरी है। आज देश की जरूरत है कि हम अलग-अलग खेती करें। इनका हम एक्सपोर्ट भी कर सकें। दुनिया में मसाले हमारे यहां से जाते रहें। जरूरत इस बात की है कि परंपरागत खेती से अलग-अलग काम करें। हर गांव में जल महोत्सव मनाया जाएगा, नल जल योजना के कुशल संचालन के लिए काम किया जाएगा।