फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्यप्रदेश: बहू ने अपने ही घर में भाई से करवाई चोरी, बोली- मेरे जेठ-जेठानी के पास ज्यादा संपत्ति है, घर जाना और सोना व रुपए चुरा लेना

Sat, 16 Oct 2021 06:57 PM IST
सुभाष कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

पारिवारिक विवाद का अनूठा मामला सामने आया है जिसमें बहू ने अपने ही घर में चोरी करवा दी। वजह सिर्फ ये कि जेठ-जेठानी के पास ज्यादा रुपया और सोना था।
विज्ञापन
बहू ने अपने ही घर में भाई से करवाई चोरी। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

घरों में सास-बहू, जेठानी-देवरानी या पति-पत्नी के झगड़े अक्सर सुनने में आते हैं लेकिन मध्यप्रदेश के इंदौर में झगड़ों की अलग तस्वीर सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद का अनूठा मामला सामने आया है जिसमें बहू ने अपने ही घर में चोरी करवा दी। वजह सिर्फ ये कि जेठ-जेठानी के पास ज्यादा रुपया और सोना था। संपत्ति की जलन और चमक ने उसे इस हद तक पहुंचा दिया। चोर भी कोई और नहीं बहू का भाई व एक अन्य निकला। फिलहाल दोनों पुलिस गिरफ्त में है। बहू को भी आरोपी बनाया गया है।
विज्ञापन


दरअसल इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्रांतर्गत गुुमाश्ता नगर में बर्तन व्यापारी राहुल पिता कैलाश अग्रवाल के घर चोरी हुई थी। करीब 80 लाख का सामान चोरी हुआ था, जिसमें नकदी सहित सोना-चांदी, हीरा आदि शामित थे। घटना की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई थी। पुलिस के लिए यह वारदात चुनौती बनी हुई थी क्योंकि व्यापारी के घर इतनी बड़ी चोरी होना सवालों को जन्म दे रहा था। 

एक टीम ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे तो दूसरी ने की पूछताछ
घटना के बाद एसपी पश्चिम महेशचंद्र जैन खुद मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे, सीएसपी बीपीएस परिहार भी थे। उन्होंने इसे गंभीर वारदात माना और अलग अलग थानों की क्राइम स्क्वाड को बुलवाया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल अधिकारी भी पहुंचे। थाना प्रभारी चंदन नगर दिलीप कुमार पुरी को जरूरी निर्देश दिए और वारदात को सुलझाने के लिए दो टीम बनाई। एक टीम का काम घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने का था तो दूसरी टीम व्यापारी के घर आने जाने वाले लोगों जैसे नौकरानी, दूध वाला, कारपेंटर, ऑटोवाला आदि से पूछताछ करने में जुटी। जब खुलासा हुआ तो पुलिस भी चौंक गई कि कोई ऐसा भी कर सकता है।
विज्ञापन


भाई से कहा-घर जाना और चोरी कर लेना
एसपी महेशचंद्र जैन ने बताया कि घर की बहू माधुरी ही चोरी की मास्टरमाइंड निकली। माधुरी फरियादी राहुल अग्रवाल की पत्नी है और उसी ने अपने भाई वैभव से चोरी करवाई। वैभव के साथ उसकी दुकान पर काम करने वाला अरबाज भी था। माधुरी ने अपने भाई वैभव से कहा था कि भाई, मैं अपनी सास को डॉक्टर को दिखाने के बहाने से ले जाउंगी। घर में कोई नहीं रहेगा। तुम घर जाकर सास के कमरे व जेठानी के कमरे सोना और रुपया चुरा लेना। मेरा सोना एवं सामान पैक करके रखा है। इसके बाद वैभव व अरबाज घर पहुंचे और माधुरी के बताए स्थान पर जाकर सोने-चांदी व डायमंड के आभूषण सहित नकदी चुरा ले गए। 

जेठ-जेठानी के पास ज्यादा संपत्ति, मेरे पास कुछ नहीं
बहू ने अपने ही घर में चोरी क्यों करवाई इसकी कहानी भी दिलचस्प है। दरअसल माधुरी को घर की संपत्ति देख मन में  चमक थी लेकिन जलन भी रहती थी कि घरवाले जेठ-जेठानी को ज्यादा हिस्सा देते हैं। संपत्ति को लेकर भाइयों व पत्नियों के बीच अक्सर विवाद भी होते थे। इसके चलते उसने यह सब किया। अपने भाई वैभव को माधुरी ने कहा था कि मेरे जेठ जेठानी के पास ज्यादा संपत्ति है। उन्होंने साकेत कॉलोनी में मकान भी ले लिया है। मेरे पास कुछ नहीं बचा है। शादी में भी मेरी जेठानी को मुझसे ज्यादा सोना चढ़ाया गया। तुम मेरी मदद करो। इसके बाद वैभव अपने साथी के साथ घर पहुंचा और चोरी की।

महज 20 मिनट में कर दी चोरी
पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो घटना वाले दिन घर में दो लोग पैदल जाते हुए दिखे थे। 20 मिनट बाद ये दोनों घर से निकल कर कुछ दूर गए और ऑटो में बैठकर रवाना हो गए। घर के सामने लगे कैमरे के फुटेज में दोनों की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन जब और फुटेज खंगाले तो आरोपियों के हुलिए से मिलते जुलते शख्स दशहरा मैदान तरफ ऑटो से उतरते दिखे और एक्टिवा से चले गए। फुटेज की जांच में पता चला कि आरोपियों के हुलिए से मिलता जुलता शख्स घर में आता जाता था। जिसकी पहचान घर की बहू के भाई वैभव के रूप में हुई।

वैभव को पुलिस ने हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। वैभव हड़बड़ाया और आखिर में सारा राज उगल दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 1 किलो 600 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 40 ग्राम डायमण्ड के आभूषण, लगभग 600 ग्राम चांदी के आभूषण व नकदी करीब 20,000 रुपए, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद की है। प्रकरण में मास्टरमाइंड बहू माधुरी को धारा 120बी के तहत आरोपी बनाया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें