कोरोना काल में लोग सदमे में आकर सुसाइड कर रहे हैं। ताजा मामला जबलपुर के गोरखपुर थाने में रामपुर इलाके का है, जहां 28 साल की नवज्योति मक्कड़ ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना जब जर्मनी में रह रहे नवज्योति के इंजीनियर पति सिमरन मक्कड़ को हुई, तो उन्होंने सदमे में वहीं फांसी लगा ली। जर्मनी पुलिस ने इसकी सूचना गोरखपुर थाना पुलिस को दी है। वहां पुलिस ने उनका कमरा, सामान सील कर दिया है।
गुरुवार रात मृतका ने फोन पर मां से की थी बात
जानकारी के मुताबिक नवज्योति और सिमरन की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी। नवज्योति पंजाब के हाेशियारपुर की रहने वाली थी। उसके पिता और भाई दोनों सेना में हैं और इंदौर के पास महू में तैनात हैं। वह 10 दिन पहले ही मायके से जबलपुर लौटी थी। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि नवज्योति ने गुरुवार रात होशियारपुर में अपनी मां से फोन पर बात की थी।
मां ने बेटी को बहुत समझाया और अपने दामाद को भी सिमरन की निराशाजनक बातों की सूचना दी। सिमरन ने पिता हरमिंदर को फोन कर नवज्योति को समझाने को कहा। वे जब कमरे में पहुंचे तो वहां बहू का शव फंदे पर लटकता मिला। हरमिंदर ने इसकी सूचना सिमरन को दी, तो सिमरन ने जबलपुर में अपने दोस्त कुलदीप को सूचना दी और बाद में सदमे में आकर खुद फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।