विदिशा जिले से एक अनोखा मामला निकलकर सामने आया है, जिसमें जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई में एक व्यक्ति के द्वारा सुनवाई न होने से नाराज होकर पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने की कोशिश की गई।
पीड़ित व्यक्ति से जब कृत्य करने का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि वह रायपुरा बस्ती का निवासी है। उसने लगभग एक साल पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले रवीन्द्र प्रजापति के इलेक्ट्रॉनिक बाइक शोरूम से एक बाइक खरीदी थी, जिसका पंजीयन शोरूम संचालकों के द्वारा नहीं दिया जा रहा है। जब वह इस बात की शिकायत करने के लिए सिविल लाइन थाने पहुंचा तो उसकी एफआईआर नहीं लिखी गईस, उल्टा उसके साथ थाना प्रभारी के द्वारा अभद्रता की गई।
उसके बाद वह मंगलवार को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई में अपनी पत्नी के साथ पहुंचा और मौजूदा अधिकारियों को लिखित में शिकायती आवेदन देते हुए कार्यवाई न होने से नाराज होकर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और आमजन की मदद से ऐसा करने से रोक लिया गया।
वहीं, मामले में सिविल लाइन टीआई योगेंद्र सिंन्ह ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के द्वारा शोरूम संचालक रवीद्र प्रजापति के शोरूम से वाहन खरीदा गया था। बैटरी सही न होने के बाद उसे सुधारने को लेकर उपभोक्ता फोरम में मामला चल रहा है। ऐसे में पुलिस के पास सहयोग के अलावा कुछ भी करने की स्थिति नहीं है। संबंधित ने सीएम हेल्प लाइन लगाई थी, उसी के निराकरण के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था और उन्हें समझाइश दी गई थी। उनके द्वारा गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं, वे निराधार हैं।