मध्य प्रदेश के विदिशा से आई यह तस्वीर किसी को भी झकझोर देगी। विदिशा के ग्यारसपुर इलाके में कोटरा नदी पर डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जा रहा है। समय पर निर्माण कार्य खत्म नहीं हुआ और अब बारिश के मौसम में लोगों को एक पार से दूसरे पार जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैदरगढ़ से गैरतगंज को जोड़ने वाले पुल को पार करने के लिए ग्रामीण पोकलैंड मशीन में सवार हो रहे हैं।
दरअसल, यह पुल एक महीना पहले ही बन जाना था। ठेकेदार की लापरवाही और सिस्टम की अनदेखी की वजह से बारिश आने के बाद भी यह निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसकी परेशानी हैदरगढ़ और गैरतगंज के आसपास के एक दर्जन गांवों के रहवासियों को उठानी पड़ रही है। जान जोखिम में डालकर यह लोग अब पोकलेन मशीन का सहारा लेकर नदी पार कर रहे हैं।
कच्चे रास्ते पर फंस जाते हैं वाहन
ऐसा नहीं है कि इस पुल के अलावा कोई और रास्ता नहीं है। एक और रास्ता है लेकिन उससे पांच किलोमीटर दूरी बढ़ जाती है। इतना ही बारिश की वजह से उस कच्चे मार्ग पर वाहन भी मिट्टी में फंस जाते हैं या बंद हो जाते हैं। कच्ची सड़क होने की वजह से जैसे-तैसे लोग उससे पार जा पाते हैं। जो पुल बन रहा है, उसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।