भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कमलनाथ पर निशाना साधा।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कमलनाथ पर निशाना साधा है। किसानों के मुद्दे पर आंदोलन करने के कमलनाथ के बयान पर शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी गाड़ी में बैठे-बैठे आंदोलन नहीं होते।
बता दें कि हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा था कि किसानों को सिंचाई परियोजनाओं से यानि नहरों से पानी का उपयोग करने पर किसानो को 500 रुपये प्रति एकड़ का शुल्क देना होगा। कांग्रेस इस निर्णय का विरोध करती है और हम सरकार से मांग करते हैं कि इस निर्णय को तत्काल वापस लिया जाए। हम किसानों के साथ खड़े हैं और इस बेतुके व किसान विरोधी निर्णय का सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करेंगे।
इसके बाद वीडी शर्मा ने उन पर पलटवार किया है। शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी आंदोलन करें उनका अधिकार है, करना चाहिए। गाड़ी उतरें तब तो आंदोलन होगा, सड़क पर आएंगे तब आंदोलन होगा, धूल खाएंगे तब आंदोलन होगा, सर्दी में निकलेंगे तब आंदोलन होगा। कमलनाथ जी गाड़ी में बैठे रहने से आंदोलन नहीं होते।
शर्मा ने कहा कि 15 महीने की सरकार जनता ने देखी है। किसानों के साथ क्या किया था। किसानों के साथ धोखा किया था। किसानों और गरीबों का हक छीन कर चले गए थे। प्रदेश में बीजेपी की सरकार है, आप चिंता मत करिए। शिवराज सिंह चौहान जैसा संवेदनशील व्यक्ति मुख्यमंत्री है। किसानों का बेटा मुख्यमंत्री है उद्योगपति का बेटा नहीं। वह किसानों का दर्द जानता है। उनके लिए दिन रात एक करके काम करने वाला मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री मोदी जी बैठे हैं। कमलनाथ जी आप चिंता मत करिए। आप गाड़ी में बैठे रहिए, आप जैसे चल रहे हैं, वैसे ही ठीक।