उमरिया में एक मामला सामने आया है, यहां बैंक में तीन लाख की फिक्स्ड डिपॉजिट करना सीधे-साधे इंसान को महंगा पड़ गया। आप सोच कर हैरान होंगे, लेकिन सच्चाई यही है। दरअसल, शंकर कोल किसी तरह से थोड़े थोड़े पैसे को जोड़कर तीन लाख रुपये किया था। वहीं, घर में पैसा रखना ज्यादा बेहतर नहीं है। इस लिहाज से और सुरक्षा के दृष्टिकोण से शंकर ने भारतीय स्टेट बैंक शाखा बिरसिंहपुर पाली में 10 जून 2019 को तीन लाख रुपये की एक फिक्स्ड डिपॉजिट करवाई थी।
बता दें कि फिक्स्ड डिपॉजिट की अवधि तीन साल की थी। वहीं, जब पीड़ित 06/09/2022 को अपनी एफडी की मूल प्रति लेकर बैंक गया और बैंक के अधिकारियों से संपर्क किया तो शंकर के पैर के नीचे से जमीन खिसक गई। बैंक के अधिकारियों ने शंकर को बताया, तुम्हारे (एफडी) से ऑनलाइन लोन लिया गया है, जिसके बाद फरियादी बैंक मैनेजर से संपर्क किया तो बैंक मैनेजर ने बताया, एक साल पहले 20/05/2021 को तुमने एफडी से ऑनलाइन लोन लिया है।
जबकि फरियादी ने बताया कि उसने कोई लोन नहीं लिया और न ही उसके पास कोई स्मार्टफोन है, जिससे किसी एप्लीकेशन के माध्यम से लोन लेने जैसी चीज हो। जबकि बैंक मैनेजर के द्वारा कहा गया कि इंटरनेट बैंकिग से ऑनलाइन लोन लिए हो। वहीं, अपने ही पैसे के लिए बार-बार चक्कर लगाकर थक चुके शंकर ने पुलिस में शिकायत देते हुए अपने पैसे दिलाए जाने की बात कही है।