मध्यप्रदेश सरकार और जिले के जनप्रतिनिधि स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार के लिए लगातार प्रयास में जुटे रहते हैं। पर इन प्रयासों का लाभ जनता को नहीं मिल पाता है। जहां उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने अस्पतालों में विधायक निधि से एंबुलेंस दी थी, जिससे जनता की परेशानी कम हो और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा जल्द मिल सके। पर विभाग की लापरवाही के चलते चंदिया अस्पताल में खड़ी एंबुलेंस जर्जर और पूरी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। अब वह चलने के लिए भी पहले सुधार कराने की आवश्यकता हो रही है।
गौरतलब है कि विधायक बांधवगढ़ शिवनारायण सिंह ने लगभग दो साल पहले स्वास्थ्य विभाग को विधायक निधि से नई हाईटेक एंबुलेंस दी थी। जहां स्वास्थ्य विभाग ने न ही उस एंबुलेंस का उपयोग किया और न ही उसका रखरखाव अच्छे ढंग से किया। लिहाजा एंबुलेंस जर्जर हो गई और कुछ दिन पहले अस्पताल परिसर में खड़ी असामाजिक तत्वों ने एंबुलेंस के कांच तोड़कर सामान भी ले गए। अब एंबुलेंस को चलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को हजारों रुपये खर्च करना पड़ेगा। उसके बाद एंबुलेंस मरीज को सुविधा दे पाएगी, विधायक ने जब से एंबुलेंस दी थी, तब से वह चंदिया अस्पताल में खड़ी है।
अधिकारियों ने नहीं समझी अपनी जिम्मेदारी
आपको बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के खंड चिकित्सा अधिकारी वीके चंदेल ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि एंबुलेंस 108 सुपुर्द की गई थी। जहां उसका रखरखाव देखरेख 108 वाले करते हैं। वहीं, अब विधायक शिवनारायण सिंह से मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया गया। मोबाइल पर घंटी जाती रही और फोन नहीं उठाया गया है।