जिले के सिविल लाइन थाना अंतर्गत ग्राम बरतराई में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार को छापामार कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को उसके घर में गांजे की खेती करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गया सिंह गोंड के रूप में हुई है, जो ग्राम बरतराई का निवासी है।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव बरतराई में एक व्यक्ति अपने घर में प्रतिबंधित गांजे की खेती कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के आंगन और बाड़ी में सात नग गांजे के हरे पेड़ पाए गए। इसके साथ ही आरोपी के घर से कुल 666 ग्राम सूखा गांजा भी बरामद किया गया है।
ये भी पढ़ें-
भोपाल में "लव जिहाद" के खिलाफ महिलाओं का बड़ा प्रदर्शन आज शाम, 26 स्थानों पर एक साथ विरोध
पुलिस ने मौके से सभी गांजे के पेड़ और बरामद गांजा जब्त कर आरोपी गया सिंह गोंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) के तहत मामला पंजीबद्ध कर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की संभावना है।
इस कार्रवाई में सिविल लाइन थाना प्रभारी ब्रज किशोर गर्ग के नेतृत्व में एएसआई वीरेंद्र सिंह, आरक्षक रोशन, राजेंद्र सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने न सिर्फ समय रहते सूचना पर कार्रवाई की बल्कि गांजे की खेती के माध्यम से नशे के अवैध व्यापार पर भी करारा प्रहार किया है।
ये भी पढ़ें-
राजगढ़ में अनोखा विवाह: दुल्हन बीमार हुई तो बारात लेकर अस्पताल पहुंचा दूल्हा, गोद में उठाकर लिए फेरे, Video
गौरतलब है कि गांजा एक प्रतिबंधित मादक पदार्थ है, जिसकी खेती, भंडारण, परिवहन और विक्रय एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध माना जाता है। पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने भी टीम के प्रयासों की सराहना की है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाईयों को जारी रखने की बात कही है, जिससे समाज को नशे के दुष्चक्र से बचाया जा सके।