मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती मप्र से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में इसके संकेत दिए।
उमा भारती ने उज्जैन में कहा कि अगर पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह उन्हें मध्य प्रदेश से जुड़ी कोई जिम्मेदारी सौंपते हैं तो वे उसे भी निभाएंगी और भरोसे पर खरी उतरेंगीं।
उमा ने सोमवार को श्री महाकलेश्वर मंदिर में पूजा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि मप्र में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और हम पहले से ज्यादा मतों से जीतेंगे।
मध्य प्रदेश में चुनाव अभियन समिति से बाहर रखे जाने के लिए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी वे गंगा अभियान पर ही ध्यान केंद्रित रखना चाहती हैं। वे 19 जून के बाद मप्र की राजनीति पर ध्यान देंगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में उमा भारती के उत्तर प्रदेश में अमरोहा से लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई जा रही थी।