मध्यप्रदेश के उज्जैन में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फसल नुकसानी के सर्वे के दौरान किसान की हार्टअटैक से मौत हो गई। मुआयना कर रही टीम ने किसान को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार मामला उज्जैन के ग्राम नजरपुर का है। बीते दिनों ग्राम नजरपुर में पड़े मावठे व तेज हवा के कारण सैकड़ों किसानों की गेहूं की फसल नष्ट हो गई थी। गांव में फसल बीमा कंपनी एवं कृषि विभाग के अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ नष्ट हुई फसलों का सर्वे कर रहे थे। सर्वे दल जब किसान सुमेरसिंह राजपूत के खेत पर मुआयना कर रहा था इसी दौरान गेहूं की नष्ट हुई फसल को अधिकारियों को दिखाते समय कृषक सुमेरसिंह राजपूत के सीने में अचानक तेज दर्द हुआ और वह लड़खड़ाकर वहीं गिर गया। अफसरों ने ग्रामीणों की मदद से परिजनों को सूचना भेजी और किसान को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरो ने सुमेरसिंह को मृत घोषित कर दिया।