उज्जैन में स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 13 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए समस्त थानों को निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नितेश भार्गव के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेन्द्र सिंह परमार के नेतृत्व में थाना बड़नगर पुलिस टीम द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 13 ग्राम स्मैक जब्त करने में सफलता प्राप्त हुई है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने उक्त स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस द्वारा उक्त स्थान से एक व्यक्ति को अभिरक्षा में लिया, जिसने अपना नाम राजेश उर्फ राजा निवासी बदनावर रोड़ बड़नगर का होना बताया। इसके कब्जे से 13 ग्राम स्मैक बरामद की गई। जिसकी कीमत करीब 1,20,000 रुपये आंकी गई है। उक्त घटना पर से थाना बड़नगर में अपराध क्रमांक 184/24 धारा स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 8/21 के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी से उक्त स्मैक के क्रय–विक्रय के संबंध में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारशुदा आरोपी के विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम के 2 प्रकरण दर्ज है।