माकड़ोन से उज्जैन आ रही यात्री बस तराना के पास पलटी खा गई। दुर्घटना में पांच यात्रियों को चोट आई है। दो यात्रियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शेष सभी का उपचार तराना में चल रहा है।
तराना थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम खामली के पास यात्रियों से भरी बस पलटी खाने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। हादसा होने पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई थी। यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। पांच यात्रियों को गंभीर चोट आई थी। उन्हें उपचार के लिए तराना अस्पताल भेजा गया। सामने आया कि घायलों में भेरूलाल पिता पन्नालाल निवासी धुंआखेड़ी (42), पिंकीबाई पति पप्पू (30) निवासी सिलोदा रावल, सुशीला पति गोपाल मालवीय (36), धापूबाई पति कन्हैयालाल मालवीय (22) निवासी धुंआखेड़ी और एक अन्य है। भैरूलाल और पिंकीबाई को उपचार के लिए जिला अस्पताल उज्जैन रेफर किया गया। तीन का उपचार तराना में ही चल रहा है। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार मुकेश सोनी, पटवारी देवीसिंह गुर्जर सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। चालक मौके से भाग निकला था। घायलों की शिकायत पर लापरवाही से बस चलाने का मामला दर्ज किया गया है।