उज्जैन में स्पीक मैके एवं आईओसीएल के संयुक्त तत्वावधान में ओडीसी नृत्य कार्यशाला प्रदर्शन के दौरान कोलकाता से आई नृत्यांगना शांताश्री ससमल ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास दशहरा मैदान व शासकीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक आवासीय छात्रावास पर नृत्य की प्रस्तुति दी। अपने नृत्य की शुरुआत गुरु केलुचरण महापात्रा द्वारा नृत्यबद्ध एवं पंडित गोपाल पांडा द्वारा संगीतबद्ध राग चारुकेशी एवं एक ताल में निबद्ध दुर्गा स्तुति के द्वारा मंगलाचरण करते हुए महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। तत्पश्चात राग मोहना में निबद्ध बटु की मनोहारी प्रस्तुति दी गई।
ओडीसी नृत्यांगना को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राएं बहुत प्रसन्न थे। नृत्य के बोल भले ही उड़िया थी, लेकिन विद्यार्थी बहुत ही सहजता से नृत्य की भाषा को समझ सके। क्योंकि नृत्य में भाषा की अपेक्षा संप्रेषण अधिक महत्वपूर्ण होता है।
कार्यक्रम का समाहार करते हुए युवा ओडीसी नृत्यांगना शांताश्री ने गुरु रोजलीना महापात्रा द्वारा नृत्यबद्ध भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों का बहुत ही सुंदर चित्रण कर अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत क्रमश छात्रावास अधीक्षक सोफी सिंह एवं करण शर्मा ने किया। जानकारी स्पीक मैके के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने दी।