विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार सुबह भस्म आरती के दौरान प्रतिदिन की तरह श्रद्धालु दर्शन आरती करने मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान एक श्रद्धालु की मंदिर प्रांगण में अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर में दैनिक दर्शनार्थी भोगेश मिश्रा (आयु 70 वर्ष), निवासी सुदामा नगर, प्रतिदिन की तरह दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर प्रांगण में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। मंदिर में ड्यूटी पर उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा तत्काल मंदिर में ही चिकित्सकों के माध्यम से भोगेश मिश्रा को प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर मंदिर की एम्बुलेंस द्वारा हॉस्पिटल पहुंचाया गया, वहां उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- सत्र शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने किया वॉकआउट, किसानों के नुकसान पर हुआ हंगामा
नियमित दर्शनार्थी थे भोगेश
बताया जाता है कि भोगेश प्रतिदिन तड़के 2:30 बजे उठकर पैदल-पैदल विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में वर्षों से भस्म आरती और हरिओम का जल चढ़ाने जाते थे। आज भी वे प्रतिदिन की तरह बाबा महाकालेश्वर की भस्म आरती और हरिओम का जल चढ़ाने घर से निकले थे और सुबह जैसे ही बाबा महाकालेश्वर को हरिओम का जल चढ़ाकर नंदी हॉल की ओर आ रहे थे तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई।