शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची महिला
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में रात को लगभग 11:30 बजे विवाहिता के फोन की घंटी बजती है, जब विवाहिता फोन उठाती है, तो सामने से आवाज आती है कि मैं महाकाल थाना प्रभारी बोल रहा हूं, मैं तुम्हें पसंद करता हूं। अपना फोटो तुरंत मेरे व्हाट्सएप नंबर पर डालो, मुझे सब पता है कि तुम्हारी बेटी किस स्कूल में पढ़ती है। तुमने मेरी बात नहीं मानी तो मैं उसे उठवा लूंगा। ऐसी ही कुछ बात कहकर एक व्यक्ति ने विवाहिता को इतना परेशान किया कि दो दिन तक वह सब कुछ सहन करती रही, लेकिन जब फिर भी फोन करने वाले व्यक्ति ने परेशान करना बंद नहीं किया, तो विवाहिता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर इस मामले का प्रकरण दर्ज करवाया।
जानकारी के अनुसार थाना माधवनगर में एक महिला अपनी विवाहित बेटी के साथ एक आवेदन लेकर पहुंची थी। जिसने पुलिस को बताया कि वह मक्सी रोड क्षेत्र में रहती है। उसकी बेटी के पास कुछ दिनों पहले रात को लगभग 11:30 बजे एक फोन आया था, जिसमें फोन लगाने वाला युवक अपने आपको महाकाल थाना प्रभारी बता रहा था। उसने अपना नाम नितिन चौरसिया बताते हुए डराया धमकाया और कहां कि मेरे पिताजी इंदौर में डीएसपी हैं। उसका कहना था कि मैं तुम्हें पसंद करता हूं और तुम अपनी फोटो मेरे व्हाट्सएप नंबर पर डालो। जब मैंने इस बात का विरोध किया तो उसने मुझे धमकी दी कि अगर तुम मेरी बात नहीं मानोगी तो मैं तुम्हारी बेटी को स्कूल से उठवा लूंगा, मुझे उसकी सब जानकारी है। यह फोन आने के बाद पूरा परिवार दहशत में है। विवाहिता ने पुलिस को इस बात की शिकायत करने के पहले युवक का नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। आवेदन देने के साथ पुलिस से मांग की गई है कि इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। मामले में माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ इस पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।