बड़नगर एसडीएम कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में महिला को रिश्वत के पैसे वापस दे दिया गए हैं, लेकिन इस घटना ने यह तो बता ही दिया है कि एसडीएम कार्यालय मे भी रिश्वत का खेल जमकर चलता है।
बताया जाता है कि दंगवाड़ा निवासी सुगनबाई अपने पति की धारा-151 में जमानत करवाने के लिए आई थी, जिससे एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू प्रकाश रेणा ने 2000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
महिला ने बाबू प्रकाश रैणा को 1000 रुपये दे दिए थे, जिसके बाद वहां पहुंचे जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि ने यह मामला देखा तो देखते ही बाबू से महिला को वापस पैसे दिलवा दिए। वीडियो में साफतौर पर यह दिखाई दे रहा है कि एसडीएम कार्यालय में किस प्रकार से रिश्वतखोरी की जा रही है। वैसे इस पूरे मामले में अभी तक कोई शिकायत पुलिस तक नहीं पहुंची है।