खाद्य विभाग ने नकली मावा किया जब्त
- फोटो : अमर उजाला
आगामी त्यौहारों को देखते हुए उज्जैन में नकली मावे की आवक की सूचना मिलने पर खाद्य विभाग द्वारा महिदपुर से आया 325 किलो मावा जब्त कर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। यह मावा ढाबा रोड स्थित भगवती मावा, शंकरलाल मावा एवं महाकाल मावा की फर्म ने मंगवाया था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि गाड़ी अड्डा चौराहा पर महिदपुर से आई बस को रोककर जांच करने पर उसमें 13 मावे की डलिया मिली, जिसका वजन 325 किलो और कीमत लगभग 91 हजार के लगभग होना पाई गई।
इसीलिए सक्रिय है खाद्य विभाग की टीम
दीपावली पर मिठाई की बिक्री अधिक होने पर बड़ी मात्रा में नकली मावा बिकने हेतु शहर में आता है, इसे देखते हुए खाद्य विभाग द्वारा ऐसी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी निरंतर ऐसी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि ऐसी किसी भी नकली मावा आदि की सूचना वह खाद्य विभाग को दें ताकि मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
जांच के दौरान ढाबा रोड के दो मावा व्यापारी मौका स्थल पर आए थे किंतु पूछताछ के दौरान यह मावा महिदपुर में कहां से मंगवाया इसकी जानकारी नहीं दे पाए। मावे के सैंपल जांच हेतु भोपाल भेजे गए हैं। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।