सवारी मार्ग की बिजली नहीं रहेगी बंद
- फोटो : अमर उजाला
वैसे तो सवारी के दौरान विद्युत विभाग की सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेगी, लेकिन दूसरे स्थानों की गाइडलाइन का पालन करते हुए हम क्रमबद्ध तरीके से उन क्षेत्रों का विद्युत प्रदाय लगभग 45 मिनट तक बंद करेंगे, जहां से यह सवारी होकर गुजरेगी। क्योंकि इन क्षेत्रों में लाखों श्रद्धालु उस समय बाहर रहेंगे। जिनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह निर्णय लिया गया है। जिससे कि विद्युत से संबंधित किसी भी दुर्घटना की आशंका को समाप्त किया जा सके। यह बात दो दिन पहले उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बाबा महाकाल की सवारी को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं को लेकर मीडिया से कही थी। सवारी के दौरान बिजली बंद करने के निर्णय को लेकर पत्रकारों ने कलेक्टर से उसी समय कई सवाल उठाए थे, लेकिन तब कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम का कहना था कि हमारे पास इसके लिए सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध है।
इस मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाने के साथ ही जिम्मेदारों को यह बताने की कोशिश की थी कि विद्युत बंद करने से सवारी के दौरान आखिर क्या-क्या समस्याएं आएगी। रविवार शाम तक तो इस मामले को जिम्मेदारों ने गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन सोमवार सुबह जनसंपर्क विभाग ने एक प्रेस नोट जारी कर यह बताने की कोशिश की कि सवारी के दौरान विद्युत प्रदाय बंद करने का कोई निर्णय लिया ही नहीं गया है। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री के नाम से जारी किए गए इस समाचार में यह बताया गया कि सवारी के दौरान सवारी मार्ग पर अनवरत विद्युत प्रदाय सुनिश्चित करने के साथ ही किसी प्रकार के करंट लीकेज की संभावना को रोकने के लिए यहां फाइबर शीट लगा दी गई है। इसीलिए सवारी के दौरान विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अनवरत एवं सुरक्षित विद्युत प्रदाय किया जाएगा। जनसंपर्क विभाग ने तो विद्युत मंडल के कार्यपालन यंत्री के नाम पर यह समाचार जारी कर दिया लेकिन शायद विभाग के जिम्मेदारों को यह पता नहीं है कि कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम सवारी के दौरान नया प्रयोग करते हुए विद्युत प्रदाय बंद रखने का निर्णय लिए जाने की बात पहले ही कह चुके थे।
जनसंपर्क विभाग भले ही यह बात कहें की सवारी के दौरान विद्युत प्रदाय बंद करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया, लेकिन अमर उजाला के पास कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम का वह वीडियो मौजूद है, जिसमें उन्होंने यह बात कही थी कि इस बार सुरक्षा की दृष्टि से दूसरे स्थानों की गाइडलाइन का पालन करते हुए क्रमबद्ध तरीके से सवारी मार्ग के उन क्षेत्रों में लाइट बंद की जाएगी। जहां-जहां से यह सवारी होकर गुजरेगी। उन्होंने सवारी मार्ग पर बिजली बंद करने का समय कुल 45 मिनट भी बताया था।