निगमायुक्त के दरवाजे पर ज्ञापन चस्पा करते कांग्रेसी
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन नगर निगम में भाजपा बोर्ड को बने एक वर्ष पूर्ण होने वाला है, लेकिन यहां निर्माण कार्यों की स्थिति बिल्कुल शून्य है। महापौर मुकेश टटवाल अखबारों के माध्यम से बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार से निगम में अब तक पैसा नहीं ला पाए। नगर निगम, नगर पंचायत, पंचायत सब खाली पड़ी है। पार्षद जब वार्ड में पहुंचते हैं तो यहां की जनता उन्हें देखकर विकास करने कहती है। कोई खराब पड़ी सड़क को बताता है तो कोई खराब स्ट्रीट लाइट, कचरा गाड़ियों के समय पर ना आना और पेयजल की समस्या से अवगत करवाता है। लेकिन महापौर और जिम्मेदारों को निगम के खजाने को भरने के बजाय इधर-उधर घूमने से फुर्सत नहीं है। ऐसी ही कुछ मांगों को लेकर नेता प्रतिपक्ष रवि राय और राजेंद्र वशिष्ठ के साथ निगमायुक्त रोशन सिंह से मिलकर ज्ञापन देने कांग्रेस पार्षद दल निगमायुक्त कार्यालय पहुंचा था, लेकिन जब टाइम देने के बावजूद निगमायुक्त यहां नहीं पहुंचे तो कांग्रेस पार्षद दल ने यह ज्ञापन निगमायुक्त के कार्यालय के दरवाजे पर चस्पा कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष रवि राय और कांग्रेस नेता राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि भाजपा बोर्ड में निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक लगी हुई है। कोई नए काम नहीं हो रहे हैं। वार्डों में विकास कार्य पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है। पिछली बार के निर्माण कार्य का कोटा लेप्स हो चुका है और इस बार भी स्थिति कुछ यही है कि इसके लैप्स होने की पूरी संभावना है। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि ऐसी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आज हम निगमायुक्त रोशन सिंह से मिलने कार्यालय पर आए थे, लेकिन जब वे समय पर नहीं आए तो हमने उनके कार्यालय के दरवाजे पर अपना ज्ञापन चस्पा कर दिया है। उन्होंने बताया कि हमारी पांच मांगे हैं, यदि कोई मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो हम 4 जुलाई 2023 को मंच लगाकर हड़ताल करेंगे।