सावन और भादो महीने की सवारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में 10 जुलाई को बाबा महाकाल की श्रावण की प्रथम सवारी निकाली जाएगी। सवारी मार्ग की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने और किए गए कार्यों की समीक्षा करने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम एवं पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने प्रशासन व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली और दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व सवारी के वीडियो चलाकर सवारी मार्ग के विभिन्न स्थानों पर पड़ने वाले प्रेशर पाइंट्स का अध्ययन किया गया। उनको दूर करने के लिए आवश्यक तैयारी करने को कहा गया। बैठक में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि नगर निगम सवारी मार्ग के जर्जर भवनों पर अपनी ओर से प्रत्येक सवारी निकलने के पहले दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए तथा यह सुनिश्चित करे कि इन भवनों तथा खुली दीवारों पर कोई भी श्रद्धालु न चढ़े। सवारी मार्ग की सभी नालियों को पैक कराया जाए।
सवारी के लिए यह दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश...
- सवारी मार्ग में कोई भी व्यक्ति चॉकलेट, केले, शरबत आदि का वितरण न करे, यह सुनिश्चित किया जाए
- भजन और झांझ मण्डलियों को स्थिर न रखते हुए निरन्तर चलायमान रखा जाए
- बंबई धर्मशाला से गणगौर दरवाजा के बीच भजन मण्डलियां व्यवस्थित रूप से खड़ी होना चाहिए
- रामघाट पर भजन मंडली के सदस्य जबरदस्ती प्रवेश करते हैं, इन पर नियंत्रण किया जाए तथा भजन मंडलियों को रामघाट से सवारी चलने के पूर्व प्रस्थान करवाया जाए
- सवारी जब लौटकर महाकालेश्वर मन्दिर पहुंचती है, तब मन्दिर में अनावश्यक लोग एकसाथ प्रवेश न करें
- लोक निर्माण विभाग द्वारा सभी स्थानों पर व्यवस्थित बेरिकेटिंग की जाए। पूरे क्षेत्र को सेक्टर में बांटकर पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए
- कोट मोहल्ला, गणगौर दरवाजा, चारधाम मन्दिर, छत्री चौक, कमरी मार्ग, केडी गेट की ओर स्वास्थ्य विभाग की एक-एक एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह महाकाल मन्दिर, महाकाल लोक, चारधाम मन्दिर पर स्वास्थ्य विभाग की एक-एक टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि मेडिकल टीम का रिस्पांस टाइम न्यूनतम होना चाहिए
- मप्र विद्युत मण्डल को विद्युत व्यवस्था का सेफ्टी ऑडिट करने, सभी ट्रांसफार्मरों पर अपने कर्मचारियों की तैनाती करने एवं आपात समय में बिजली सप्लाई की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए
नौ जुलाई को त्रिवेणी संग्रहालय से मॉकड्रिल होगी...
कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिये हैं कि जिन अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी सवारी मार्ग में लगाई गई है, वे लोग रविवार नौ जुलाई को शाम चार बजे से अपने-अपने तैनाती स्थल पर मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों की टीम त्रिवेणी संग्रहालय से प्रारम्भ करके सम्पूर्ण सवारी मार्ग का भ्रमण कर सवारी की मॉकड्रिल करवाएंगे।
श्रावण एवं भादौ मास में निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की सवारी के क्रम में प्रथम सवारी 10 जुलाई को निकाली जाएगी। द्वितीय सवारी 17 जुलाई को, तृतीय सवारी 24 जुलाई को, चतुर्थ सवारी 31 जुलाई को, सात अगस्त को पांचवी सवारी और 14 अगस्त को छटी सवारी को निकाली जाएगी। सातवी सवारी एवं नागपंचमी पर्व सोमवार 21 अगस्त को, आठवी सवारी 28 अगस्त, नौंवी सवारी चार सितम्बर और प्रमुख व शाही सवारी सोमवार 11 सितम्बर को निकाली जाएगी।