शिवाजी पार्क कॉलोनी में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां फर्नीचर कारीगर ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे व्यक्ति को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को शासकीय चरक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह 80 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका था। हालत नाजुक होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया, लेकिन वहाँ उपचार के दौरान सोमवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
पत्नी-बेटी के सामने लगाई आग
मृतक की पहचान 48 वर्षीय राजेंद्र शर्मा, निवासी शिवाजी पार्क कॉलोनी, के रूप में हुई है, जो कारपेंटर का काम करते थे। बताया जाता है कि राजेंद्र ने अपनी पत्नी और बेटी के अपने साथ न रहने से नाराज होकर यह कदम उठाया। रविवार को वह शिप्रा विहार कॉलोनी पहुंचे, जहां उनकी पत्नी ज्योति और बेटी माही रह रही थीं। वहां उन्होंने दोनों के सामने ही खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है, जिसमें राजेंद्र अपनी पत्नी और बेटी के सामने खुद पर पेट्रोल डालते और आग लगाते दिखाई देते हैं। आसपास के लोग आग बुझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुके थे। बाद में उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें-
पहले तीन तलाक, फिर हलाला का 'खेल', पति-सास की साजिश में फंसी महिला, FIR दर्ज
“मेरी पत्नी और बेटी को बहनोई ले गया” — मृतक के अंतिम शब्द
मरने से पहले राजेंद्र ने पुलिस को बताया था कि उनकी पत्नी ज्योति और बेटी माही को शिप्रा विहार निवासी उनका बहनोई संतोष कुमार अपने साथ ले गया है, इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया। राजेंद्र के भाई अजय ने भी आरोप लगाया है कि इस घटना के लिए ज्योति, उसका रिश्तेदार संतोष, और एक अन्य परिजन जिम्मेदार हैं।
ये भी पढ़ें-
दसवीं की छात्रा को बंधक बनाकर ऑटो चालक ने की हैवानियत, पड़ोसियों ने छुड़ाया, आरोपी फरार
पत्नी का आरोप — “पति मुझे भी जलाना चाहता था”
राजेंद्र की पत्नी ज्योति ने बताया कि उनका पति शराब पीने और सट्टा खेलने की लत में डूबा हुआ था। पैसे नहीं देने पर वह मारपीट करता था। अत्याचारों से परेशान होकर वह दो महीने पहले बेटी के साथ शिप्रा विहार में अपने फूफा-ससुर संतोष शर्मा के घर आकर रहने लगी थी। उन्होंने बताया कि पति आए दिन झगड़ा करता था। मैंने नागझिरी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। वह चाहता था कि हम सब कुछ भूलकर वापस उसके पास लौट जाएं। जब मैंने मना किया तो उसने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी और अब खुद को आग लगा ली। वह मुझे भी जलाकर मारना चाहता था, आग लगाते ही मेरी तरफ दौड़ा था।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मृतक के भाई सहित परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। साथ ही पति-पत्नी के बीच संबंधों को लेकर भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।