जिले के बड़नगर में सांदीपनि विद्यालय की एक अतिथि शिक्षिका की कथित टिप्पणी के बाद बवाल मच गया है। आरोप है कि कक्षा 9वीं में पढ़ाने गई शिक्षिका प्रियंका उपाध्याय ने मुस्लिम विद्यार्थियों के नाम पूछने के बाद उन्हें आतंकी हो, पाकिस्तान चले जाओ कह दिया।
घटना 7 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे कक्षा 9वीं में हुई। आरोप के मुताबिक शिक्षिका ने क्लास में मौजूद 9 मुस्लिम छात्रों से एक-एक कर नाम पूछे और फिर उनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी कर दी, जिसकी जानकारी बच्चों ने घर जाकर परिजनों को दी। इसके बाद 14 अक्टूबर को शहर काजी के साथ मोहम्मद रिजवान, नकीब अहमद रहमानी, मोहम्मद अशरफ, नूर मोहम्मद, बुशरा बी, मोहम्मद अजमत, सकीना फातिमा, मुस्कान खान और मिसबाह खान व अन्य परिजन बड़ी संख्या में बड़नगर एसडीएम धीरेंद्र पराशर के दफ्तर पहुंचे। जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर शिक्षिका को तुरंत हटाने और सख्त कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें: इंदौर: सिपाही की संपत्ति देखकर फटी रह गईं अधिकारियों की आंखें, करोड़ों के बंगले, जमीन और लग्जरी गाड़ियां मिलीं
परिजनों का कहना है कि शिक्षण संस्थान में इस तरह की टिप्पणी से बच्चों की भावनाएं आहत हुई हैं और ऐसे शहर का सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ सकता है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। मामले में बड़नगर एसडीएम धीरेंद्र पराशर ने बताया कि मुस्लिम समाज के लोगों ने ज्ञापन सौंपा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को निर्देश दिए गए हैं। बीईओ की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।