सात दिन बाद खुले शाही मस्जिद के आसपास के मार्ग
धार्मिक नगरी उज्जैन में पुलिस और प्रशासन ने आखिरकार सात दिनों के लंबे इंतजार के बाद कंठाल-छत्री चौक मार्ग पर स्थित शाही मस्जिद के आसपास के सभी प्रमुख रास्ते आम जनता के लिए खोल दिए हैं। बैरिकेडिंग हटाए जाने और आवाजाही शुरू होने से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इस चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे शाही मस्जिद के अग्रिम हिस्से को हटाने की कार्रवाई के चलते सुरक्षा की दृष्टि से 26 सितंबर को आसपास के सभी मार्गों को बैरिकेड्स लगाकर पूरी तरह से बंद कर दिया गया था।
ये मार्ग सात दिनों से थे बंद
मार्ग बंद रहने के कारण पिछले एक सप्ताह से पूरे इलाके का यातायात प्रभावित था। प्रशासन द्वारा बंद किए गए प्रमुख रास्ते पटनीबाजार - गोपाल मंदिर, गोपाल मंदिर - कमरी मार्ग - केडी गेट, टंकी चौराहा - ढाबा रोड, कंठाल चौराहा - छत्री चौक, टंकी चौराहा - छत्री चौक, नईपेठ - छत्री चौक का मार्ग बंद था।
ये भी पढ़ें-
दतिया अपराध: भाजपा पूर्व जिला कोषाध्यक्ष के घर से अवैध शराब की खेप बरामद, दो गिरफ्तार; पूर्व पार्षद फरार
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सोमवार से पूर्ण संचालन की उम्मीद
रास्ते भले ही खोल दिए गए हैं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी मुख्य रास्तों पर टाइट बैरिकेडिंग रखी गई है और भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहकर क्षेत्र की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहे हैं। रविवार होने की वजह से बाजार मुख्य रूप से बंद रहे और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी सामान्य से कम देखी गई। प्रशासन और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सोमवार से स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और व्यापारिक गतिविधियां फिर से पटरी पर लौट आएंगी।
मस्जिद के बिल्कुल आसपास के हिस्से में बैरिकेडिंग
सीएसपी कोतवाली संजू चौहान के अनुसार छत्री चौक मार्ग को भी यातायात के लिए चालू कर दिया गया है। केवल शाही मस्जिद के बिल्कुल आसपास के हिस्से में सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग रखी गई है। क्षेत्र के व्यापारी अपनी दुकानें खोल सकते हैं और बाजार पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो सकता है।
सात दिन बाद खुले शाही मस्जिद के आसपास के मार्ग