पूरा देश इन दिनों मर्यादा पुरुषोत्तम और जन जन की आस्था के केंद्र बिंदु अयोध्या के पावन धाम पर श्रीराम लला के मंदिर में विराजमान होने को लालायित है। ऐसे ही एक व्यक्ति हैं, जो श्रीराम से जुड़े डाक टिकटों का संग्रह करते हैं, उनके पास राम के जीवन पर आधारित सारी घटनाओं से संबंधित डाकटिकट हैं।
बता दें कि सनातनियों द्वारा श्री राम जी के भव्य मंदिर के लोकार्पण को लेकर जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं। कोई प्रसाद स्वरूप मिठाई, कोई विशालकाय घंटा, कोई विशालकाय अगरबत्ती तो कोई भगवान के स्वर्ण रजत आभूषण, इस तरह से अपने आराध्य के लिए आज हर कोई कुछ ना कुछ भेंट स्वरूप कर अपनी आस्था प्रकट कर रहा है। कोई पैदल, कोई दौड़कर तो कोई स्केटिंग करके प्रभु के इस आयोजन के साक्षी बनना चाहता है। देश में जगह-जगह प्रभातफेरी निकाली जा रही है।
इन दिनों जगह-जगह श्री राम कथा, नाट्य मंचन, संगीतमय श्रीराम लीला, श्रीमद्भागवत कथा आदी तरह के धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। जगह-जगह धर्म ध्वजा, चित्रकारी, विद्युत सज्जा, रांगोलिया, आतिशबाजी के साथ श्रीराम लला के प्रतिष्ठा को लेकर हर कोई उत्साहित है। इसी कड़ी में डाक व मुद्रा संग्रहकर्ता महिदपुर उज्जैन के युवा सामाजिक कार्यकर्ता स्वस्तिक चौधरी पत्रकार के पास प्रभु श्रीराम के जीवन पर आधारित भारतीय डाक टिकट संग्रहित हैं। जिसमें प्रभु श्रीराम का भव्य नवीन मंदिर, महर्षि वाल्मीकि के साथ श्रीराम लक्ष्मण माता सीता का मिलना, घायल अवस्था में श्री जटायु से श्रीराम का मिलना, श्री हनुमान जी का अशोक वाटिका मे सीता माता को श्रीराम जी की अंगूठी के साथ संदेश देना, सेतु निर्माण के दौरान छोटी सी गिलहरी से श्रीराम का संवाद, युद्ध में श्रीराम धनुष तानते हुए और दस सिरों वाला दशानन रावण के भारतीय डाक टिकट आकर्षण का केन्द्र बिंदु है।
स्वस्तिक चौधरी ने बताया कि मैंने मेरे पिता लोकतंत्र सेनानी नरेन्द्र चौधरी की प्रेरणा और सहयोग से देश विदेश की विविधता भरी डाक टिकटों का संग्रह किया, जो कि अद्वितीय और दुर्लभ है। मुझे बचपन से इसका शौक था। साथ ही मालवा क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य, कीट पतंगे, फूलों के अद्वितीय अकल्पनीय छायाचित्र (फोटोग्राफी) का भी संग्रह मेरे पास है। प्राचीन सिक्कों से लेकर आधुनिक विचित्र मुद्रा नोट सिक्कों का भी संग्रह है। जो देखने लायक है।