जिले के उन्हैल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी में मारपीट के एक आरोपी को तलाशने गई पुलिस पर आरोपी के परिजनों ने लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में एसआई धारा सिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने एसआई की वर्दी तक फाड़ दी।
यह पूरामामला गांव की कंचनबाई पिता भावसिंह बंजारा की शिकायत से जुड़ा है। 8 दिन पहले उन्होंने पड़ोसी सरदार पिता गब्बर बंजारा के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी सरदार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था लेकिन वह 8 दिन तक थाने नहीं पहुंचा। कल दोपहर एसआई धारा सिंह चावड़ा टीम के साथ शासकीय वाहन से आरोपी के खेत पर बने मकान पर पहुंचे। टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे भी शामिल थीं।
ये भी पढ़ें: एमपी सरकारी खरीदी पर सवाल: कहीं 2 लाख का कचरा वाहन, कहीं 6 लाख में! 2500 यूजर ID-पासवर्ड लीक होने का भी खुलासा
थाना प्रभारी संतोष चौहान के अनुसार पुलिस के पहुंचते ही आरोपी के परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया और लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में एसआई सहित चार जवान घायल हुए। घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी समेत 7 फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला।