गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का कमलनाथ पर तंज
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बाबा महाकाल के दर्शन करने गुरुवार दोपहर को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद में नंदीहाल में बैठकर बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। इस दौरान मंदिर के पुजारीगणों द्वारा गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के माध्यम से बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन कर एक विशेष संकल्प भी दिलाया गया।
बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में पहुंचे, यहां उन्होंने महाराज का स्वागत अभिनंदन करने के साथ ही उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आचार्य का आर्शीवाद लेने के बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, अगर कोई उज्जैन आए और बाबा महाकाल के दरबार में न जाए, यह तो हो ही नहीं सकता। बाबा महाकाल की कृपा पूरे प्रदेश पर बनी रहे। यही बाबा महाकाल से कामना है।
पत्रकारों के द्वारा पूछे गए सवाल कि कुछ लोगों का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता पंडित प्रदीप मिश्रा पर कब्जा कर रहे हैं? गृहमंत्री का जवाब था कि किसी संत पर कभी कोई कब्जा नहीं कर सकता। भगवान की भक्ति करना सदमार्ग पर लोगों को ले जाने वाले लोगों का सहयोग करना कोई गलत काम नहीं है। मैं इसे गलत नहीं मानता। इंदौर में संत अनिरुद्धाचार्य जी को बम से उड़ाने की धमकी के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रशासन, शासन सभी हैं। संत श्री को डरने और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पूरा मामला मेरे संज्ञान में है, जिसकी जांच चल रही है।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा बागेश्वर धाम पर दर्ज किए गए मामले को लेकर गृहमंत्री ने कहा कि अभी मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। अंत में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि कमलनाथ जी की उम्र हो गई है। बिना किसी के सहारे से न वे उठ पाते हैं और न ही बैठ पाते हैं। इसीलिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ गलत नहीं कहा है, मुझे ही नहीं अब तो खुद कमलनाथ जी को भी यह मान लेना चाहिए कि उनकी उम्र हो गई।