राजधानी भोपाल के सतपुड़ा भवन में आग लगने के बाद महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो जाने और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले स्वाहा हो जाने के बाद कांग्रेस विधायक महेश परमार ने संभागायुक्त उज्जैन को पत्र भेजा है। साथ ही कहा है कि समस्त विभागों को निर्देशित किया जाए कि वे अपने विभागों में अग्निशमन उपकरण और अन्य साधन सुसज्जित रखें, महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा, सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार कुछ ही महीनों की मेहमान है और विगत 20 साल के शासन में धर्म नगरी उज्जैन में भाजपाइयों ने और उनके पिट्ठू अधिकारियों ने बहुत ज्यादा भ्रष्टाचार किया है। यहां तक कि भगवान महाकालेश्वर को भी नहीं छोड़ा है और महाकाल लोक का भ्रष्टाचार जगजाहिर है।
जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता विवेक गुप्ता एडवोकेट ने बताया, आगामी विधानसभा चुनाव सामने है और सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार का अंतिम समय चल रहा है। इस डर के चलते हुए महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा भ्रष्टाचार से संबंधित फाइलें नष्ट करवा रही है। भोपाल सतपुड़ा भवन में लगी आग इसका जीवंत उदाहरण है।
इसी तर्ज पर विधायक महेश परमार ने चिंता जताई है और आशंका व्यक्त की है कि उज्जैन में भी कई महत्वपूर्ण विभागों में जिनके भ्रष्टाचार के प्रकरण लंबित हैं और जांच लंबित हैं। वे फाइलें नष्ट की जा सकती हैं और भ्रष्टाचार के साक्ष्य मिटाए जा सकते हैं। इसी को लेकर विधायक महेश परमार द्वारा संभाग आयुक्त को पत्र लिखकर चेताया गया है और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।