बीजेपी वालों ने लगाए जीत के बैनर
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना भले ही मंगलवार सुबह से शुरू होगी। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की जीत को लेकर उनके समर्थकों में इतना अपार उत्साह है कि उन्होंने शहर में बीजेपी की प्रचंड जीत के पोस्टर और बैनर लगा दिए हैं। इन पोस्टरों-बैनरों में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के फोटो लगाने के साथ ही इस जीत को सनातन की जीत बताया है।
बता दें कि सोमवार शाम शहरवासी उस समय आश्चर्यचकित रह गए, जब उन्होंने जिला चिकित्सालय, फ्रीगंज ओवर ब्रिज और फ्रीगंज क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बैनर देखे। इन बैनरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा अध्यक्ष विवेक जोशी के साथ ही अन्य नेताओं के भी फोटो लगे हुए थे। यह बैनर लोगों का ध्यान इसलिए भी आकर्षित कर रहा था। क्योंकि बैनर पर जय सनातन तय सनातन...सनातन की प्रचंड जीत पर जन-जन का अभिनंदन जैसी बात लिखी हुई थी।
एग्जिट पोल ने भी बताई थी भाजपा की बढ़त
दो जून को लोकसभा चुनाव के सातवें सत्र के चुनाव संपन्न होते ही एग्जिट पोल सामने आ गए थे, जिसमें भारतीय जनता पार्टी को इस चुनाव में भारी बढ़त के रूप में बताया गया था। कुछ लोगों ने भले ही एग्जिट पोल को सही मानने की बजाय चार जून का इंतजार करने की बात इस दौरान कही। लेकिन कुछ ने एग्जिट पोल पर विश्वास कर जमकर खुशियां भी मनाई थी।