गुरुप्रसाद पारासर, एडिशनल एसपी
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर एफएसटी की टीम लगातार सघन कार्रवाई कर रही है। टीम को सूचना मिली थी कि उज्जैन दक्षिण के कांग्रेस प्रत्याशी चेतन यादव द्वारा शहीद पार्क पर एक रैली निकाली जा रही है। इसमें आदर्श आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।
एफएसटी की टीम जब शहीद पार्क पहुंची तो उन्हें यह शिकायत सही मिली। इसके बाद उन्होंने थाना माधवनगर पहुंचकर एक प्रतिवेदन दिया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए माधवनगर थाना पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ धारा-188 और कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पारासर ने बताया, एफएसटी की टीम को चेकिंग के दौरान शहीद पार्क पर कांग्रेस प्रत्याशी चेतन यादव की रैली में दी गई परमिशन की शर्तों का उल्लंघन होने की जानकारी लगी थी। जब शहीद पार्क पर पहुंचकर एफएसटी की टीम ने देखा तो पता चला कि यहां दी गई परमिशन की शर्तों का उल्लंघन हो रहा था।
बताया जाता है कि कांग्रेस प्रत्याशी चेतन यादव को शहीद पार्क पर एकत्रित होने और रैली निकालने की अनुमति तो थी। लेकिन रैली के साथ जो डीजे निकाला गया, उसकी अनुमति उनके द्वारा नहीं ली गई थी। इस पर उनके खिलाफ धारा-188 पर कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।