मध्यप्रदेश के नवागत मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के परिवार से तो उनकी सहज और सरल छवि का पता चलता ही है। लेकिन वर्षों से डॉ. मोहन यादव के साथ मिलकर कार्य कर रहे कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनकी सहजता के बारे में बताते हैं कि वे भले ही किसी भी पद पर पहुंच गए हों, लेकिन उनकी सहजता और सरलता इतनी है, एक बार जब उन्हें कार्यकर्ता की नई बुलेट दिखाई दी तो उन्होंने सहजता से न सिर्फ इसकी सवारी कर इसका एक ड्राइव भी किया।
भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने बताया कि सहजता, सरलता और कुछ नया सीखने की ललक हमेशा ही डॉ मोहन यादव के व्यवहार में शामिल है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण ये तस्वीर है। लगभग 8-10 वर्ष पूर्व एक कार्यकर्ता अपनी बुलट लेकर आया था, हम वहीं खड़े थे। बुलेट जैसी सवारी देखकर शायद ही कोई व्यक्ति हो जो उसे चलाने से खुद को रोक सके, तो मैंने उस कार्यकर्ता से बुलेट चलाने का अनुरोध किया और एक चक्कर मार लिया।
तत्पश्चात डॉ यादव जी की नजर भी बुलेट पर पड़ी और एकाएक उनके अंदर का भी सहज सरल व्यक्ति जागृत हो गया और उन्होंने भी एक ड्राइव की बात कही। मुझे बोला बैठो सचिन भाई और स्वयं ने अपने हाथों में बुलेट का हैंडल थाम लिया। बस फिर क्या था, बुलेट हवा से बातें कर रही थी। ये उनके सहज सरल और अवसर के हिसाब से खुद को ढालने का गुण है। जो डॉ मोहन यादव में समय-समय पर आज भी देखने को मिलता है।