उज्जैन के दमदमा क्षेत्र में व्यवस्थित रूप से बनाए गए संजीवनी क्लीनिक में तोड़फोड़ कर जनता की गाड़ी कमाई का 15 लाख से अधिक रुपये लगाने वाले मंत्री मोहन यादव के खिलाफ क्षेत्रीय रहवासियों और कांग्रेस नेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। इस पर उन्होंने संजीवनी क्लीनिक के बाहर ही यज्ञ किया और मंत्री मोहन यादव का पुतला भी फूंक डाला। इस मौके पर मौजूद शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया ने कहा, दमदमा में आकर तीन साल पहले जो चीज बन गई, जिसका उपयोग भी शुरू हो गया, उसका भूमिपूजन करने के पीछे केवल भ्रष्टाचार की बू आ रही है। बनी हुई चीज को तोड़ना, जनता की गाड़ी कमाई के पैसों का दुरूपयोग करना भाजपा का काम रहा है। ऐसे मंत्री को बाबा महाकाल सद्बुद्धि दे। इस मौके पर पार्षद सपना सांखला, ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत गोमे, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश परिहार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव दमदमा में जो क्लीनिक तीन साल पहले प्रारंभ हो गया था, उसका भूमिपूजन कर गए। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सोच थी कि हर जिले, हर शहर, हर वार्ड में मोहल्ला क्लीनिक की शुरूआत हो और तीन साल पहले उज्जैन शहर में तीन क्लीनिक प्रारंभ किए थे। तीन साल पहले दमदमा में संजीवनी क्लीनिक का भूमिपूजन हो चुका था, नगर निगम की बिल्डिंग में पांच लाख का जीर्णोद्धार कार्य भी कराया था। पूरी तरह से व्यवस्थित इस भवन में नियमों और कानूनों को दरकिनार करते हुए केवल श्रेय लेने की होड़ में और जनता का पैसा बर्बाद कर भ्रष्टाचार करने की नियत से एक बार फिर भूमिपूजन मंत्रीजी कर गए।
राजेन्द्र वशिष्ठ ने बताया कि नगर निगम में वार्ड पार्षद की अनुशंसा पर कार्य कराये जाते हैं, लेकिन संजीवनी क्लीनिक पर बाले बाले भूमिपूजन हुआ, न पार्षद को बताया, न महापौर को इस बात की जानकारी समिति के अध्यक्ष शिवेन्द्र तिवारी को भी नहीं थी। ऐसे में नगर निगम में अराजकता का माहौल दिखाई दे रहा है। वशिष्ठ ने कहा कि जिन अधिकारियों ने इसे जर्जर बताया, उसकी शिकायत लोकायुक्त में करेंगे और मंत्री के कृत्यों को जन-जन के समक्ष उजागर करेंगे।
मंत्री जेब में नारियल लेकर घूम रहे - उप नेता प्रतिपक्ष कुवाल
उपनेता प्रतिपक्ष गब्बर कुवाल ने कहा कि मंत्री मोहन यादव जेब में नारियल लेकर चल रहे, जहां लगा वहां फोड़ दिया। वहीं, श्रेय लेने की होड़ में जो काम उन्होंने कभी होते भी नहीं देखे, वो भी अपने नाम करने को आतूर हैं। बने बनाए संजीवनी क्लीनिक के भूमिपूजन अवसर पर भाषण में मंत्री मोहन यादव बोल गए मयूर वन भी उन्होंने बनवाया, जबकि मयूर वन कमलनाथ सरकार की देन है। कांग्रेस सरकार में हमने स्वीकृत कराया। बाल उद्यान, कमल तालाब नगर निगम के माध्यम से सारे हमने करवाए।
उन्होंने कहा, आम जनता को सुविधाएं देने पर जो खर्च करना चाहिये, वहां करने की बजाए जहां आवश्यकता नहीं ऐसे संजीवनी क्लीनिक के लिए 15 लाख का रिनोवेशन का टेंडर निकल गया, जिसमें वार्ड पार्षद की अनुशंसा तक नहीं है। भाजपा सरकार में मंत्री मोहन यादव भ्रष्टाचार के चक्कर में मजबूत छत को तुड़वाने के लिए, जिस क्लीनिक के बाहर आते ही सड़क आ जाए वहां बाउंड्रीवाल बनाने के लिए पैसा स्वीकृत करवा लाए और भूमिपूजन कर गए।