उज्जैन में मोहनपुरा स्थित खेती की 14 बीघा जमीन का 15 लाख रुपये बीघा के मान से सौदाकर 90 लाख रुपये लिए और जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। मामले में महाकाल पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मांगीलाल पिता कुंवर माली 32 साल निवासी एकता नगर हालमुकाम जयसिंहपुरा ने मोहनपुरा स्थित खेती की 14 बीघा जमीन का सौदा गीताबाई, गोपाल माली निवासी रस्सी गली, दुर्गा बाई उर्फ जयमाला निवासी इंदौर और देवीलाल निवासी रस्सी गली से 90 लाख रुपये में किया था। मांगीलाल ने अलग-अलग टुकड़ों में 90 लाख रुपये लोगों को दिए और अनुबंध भी कराया।
पांच नवंबर को जमीन की रजिस्ट्री करवाना थी, जिसकी सूचना चारों लोगों को देकर मांगीलाल रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच गया। लेकिन चारों लोग वहां नहीं आए। बाद में मांगीलाल ने 90 लाख रुपये वापस मांगे तो लौटाने से भी इनकार कर दिया, जिसकी शिकायत उसने महाकाल थाने में की। पुलिस ने जांच के बाद गीताबाई, दुर्गाबाई, देवीलाल और गोपाल के खिलाफ धारा-420 के तहत केस दर्ज किया।