मध्यप्रदेश के उज्जैन में 40 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हिस्ट्रीशीटर चोर को इंदौर की क्राइम स्क्वाड ने गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में उसने उज्जैन और खाचरोद की चोरियां भी कबूल कर लीं। इसके बाद चिमनगंज पुलिस ने उसे दो दिन की रिमांड पर ले लिया है।
चिमनगंज पुलिस ने बताया कि तिरुपति एवेन्यू निवासी इकरार अंसारी अक्टूबर महीने में शादी समारोह में शामिल होने परिवार के साथ राजस्थान गया था। उसी दौरान अज्ञात बदमाश ने उसके मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर लिए थे।
मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस चोर की तलाश कर रही थी। दो दिन पहले पुलिस को सूचना मिली कि इंदौर की क्राइम स्क्वाड ने हिस्ट्रीशीटर चोर किशोर निवासी बाणगंगा इंदौर को पकड़ा है। उसने उज्जैन और खाचरोद में चोरी करने की बात भी कबूल की है।
इसके बाद उज्जैन के चिमनगंज थाने की टीम ने उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन की रिमांड पर ले लिया। पुलिस ने बताया कि आज किशोर को इंदौर ले जाकर चोरी का माल बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे।