उज्जैन रेलवे स्टेशन पर हादसा टला।
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी से कभी-कभी जान पर भी बन आती है। इस वजह से ही कहा जाता है कि दुर्घटना से देर भली। सोमवार को उज्जैन के रेलवे स्टेशन पर ऐसी ही घटना हुई। कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है। दो यात्री ट्रेन पर चढ़ने की जल्दी में गिर गए। एक ट्रैक पर गिरा और दूसरा प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया।
घटना उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक की बताई जा रही है। आरपीएफ जवान मगनसिंह ने बताया कि मालवा एक्सप्रेस ट्रेन उज्जैन से भोपाल जा रही थी। करीब 2:15 बजे पर चलती गाडी में एक यात्री ने उतरने की कोशिश की। वहीं, अकोदिया मंडी के 25 वर्षीय लक्ष्मीनारायण गाडी ने एस-1 कोच में चढ़ने की कोशिश की। एक-दूसरे से टकराने के कारण दोनों का बैलेंस बिगड़ गया। लक्ष्मीनारायण प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंस गया। ट्रेन के प्लेटफार्म से टकराता हुआ पटरी पर जा गिरा। आरपीएफ़ जवान मगनसिंह ने बताया कि इस घटना के बाद हम तुरंत युवक को बचाने पहुंचे। ट्रेन को रुकवाया। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों यात्री सुरक्षित है। मगनसिंह ने बताया कि अकोदिया मंडी के लक्ष्मीनारायण की जान बाबा महाकाल ने बचाई है। इस प्रकार की घटनाओं मे किसी भी व्यक्ति का बच पाना काफी मुश्किल होता है। बाबा महाकाल की कृपा से लक्ष्मीनारायण को कोई चोट नहीं लगी।