ससुराल के लोगों द्वारा पत्नी को अपने साथ ले जाने से नाराज उण्डासा में रहने वाले युवक ने अपने दोस्त को वीडियो कॉल लगाकर जहर खा लिया था। चिमनगंज थाना पुलिस ने युवक की मौत के बाद मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है।
रोहित पिता भादर सिंह (22 वर्ष) निवासी उण्डासा ने शुक्रवार की दोपहर को ससुराल वालों द्वारा अपनी पत्नी को साथ ले जाने से नाराज होकर जहर खा लिया था। जिसे परिजनों ने उसे प्रायवेट अस्पताल में भर्ती कराया जहां देर रात रोहित की मृत्यु हो गई। उसके परिजनों ने बताया कि रोहित की डेढ़ वर्ष पहले संजना निवासी चक कमेड़ से शादी हुई थी। कल उसके ससुर राधेश्याम, सास रोहित के घर पहुंचे और संजना को जबरन लेकर जाने लगे। इसको लेकर रोहित का विवाद भी हुआ और उसने जहर खाकर मरने की धमकी भी दी थी, इसके बावजूद ससुराल वाले संजना को लेकर चले गये। इसी कारण रोहित ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। जिसका एक वीडियो भी बनाया था जो कि सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामले में चिमनगंज थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में लगी हुई है।