उज्जैन के फ्रीगंज स्थित सपन ट्रेडिंग कंपनी और प्रथमेश ट्रेडिंग कंपनी पर गुजरात के वड़ोदरा की जीएसटी की टीम ने जीएसटी टैक्स चोरी की सूचना पर कार्रवाई की। शुक्रवार सुबह गवर्नमेंट ऑफ इंडिया डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम के पांच सदस्य यहां पहुंचे थे। बताया जाता है कि सपन ट्रेडर्स का लाखों का माल दिल्ली के महावीर ट्रेडर्स से ट्रक में भरकर आते ही जीएसटी की टीम भी उज्जैन पहुंच गई।
बता दें कि सपन ट्रेडिंग कंपनी पर एमपी 07 एच बी 5400 महावीर ट्रेडिंग कंपनी की गाड़ी से दिल्ली से तानसेन पाउच भरकर आया था। वडोदरा की जीएसटी की टीम को इसकी सूचना मिली थी कि टैक्स चोरी हो रही है। इसके बाद टीम यहां जांच करने पहुंची। शाम तक चली कार्रवाई में अभी इस बात की जानकारी नहीं लग पाई है कि आखिर जीएसटी टीम ने सपन और प्रथमेश ट्रेडर्स की क्या गड़बड़ियां पकड़ी हैं।