उज्जैन में महाराणा प्रताप जयंती पर घोषित सार्वजनिक अवकाश के बावजूद DPS स्कूल खुला रहा। सामाजिक संगठनों और राजपूत समाज के विरोध के बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप किया। जिला शिक्षा अधिकारी की चेतावनी के बाद स्कूल प्रबंधन ने छुट्टी घोषित कर दी।
वीरता, त्याग और स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती बुधवार को पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। इसके चलते शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश रहा, लेकिन उज्जैन के मक्सी रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में सामान्य दिनों की तरह कक्षाएं संचालित की गईं।
स्कूल के खुलने की जानकारी मिलने पर कुछ सामाजिक संगठनों और राजपूत समाज के प्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि सार्वजनिक अवकाश के बावजूद स्कूल संचालित कर शासन के निर्देशों का उल्लंघन किया गया है। मामले की शिकायत जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) महेंद्र खत्री से भी की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दी चेतावनी
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर घोषित अवकाश के बावजूद स्कूल संचालित होने की सूचना मिली थी। विभाग द्वारा स्कूल प्रबंधन से चर्चा कर तत्काल छुट्टी कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि शासन के आदेशों का उल्लंघन किया गया तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।